पौड़ी

एकेश्वर ब्लॉक सिमारखाल में बहुउद्देशीय शिविर, 21 शिकायतें दर्ज, 130 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

पौड़ी गढ़वाल। प्रदेश सरकार की पहल पर आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनके द्वार पर ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत गुरुवार को विकासखंड एकेश्वर की न्याय पंचायत बमोली अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिमारखाल में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही लोगों की समस्याएं सुनीं और कई शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया।

शिविर में कुल 21 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा 130 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

शिविर में राजस्व, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पंचायतीराज, पेयजल, विद्युत, बाल विकास और शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की। कई ग्रामीणों ने मौके पर ही अपने आवेदन जमा कराए, जिनका संबंधित विभागों द्वारा परीक्षण किया गया।

शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनका त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को योजनाओं की पूरी जानकारी दी जाए तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में संचालित यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए काफी लाभकारी सिद्ध हो रहा है। इससे लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार जिला या तहसील मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। प्रशासन स्वयं गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और मौके पर ही उनके समाधान का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पात्र लोगों को इनका लाभ मिले।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी रेखा आर्य, खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *