पौड़ी

सजग इंडिया अभियान: “नशे को ना, जिंदगी को हाँ”, आयुष बडोला चला रहे नशा मुक्ति अभियान

पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “सजग इंडिया अभियान” के तहत एक व्यापक नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय विथ्याणी यमकेश्वर के छात्र संघ अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उत्तराखंड के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आयुष बडोला द्वारा पिछले एक वर्ष से लगातार यह अभियान संचालित किया जा रहा है।

अभियान के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आयुष बडोला ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के शरीर को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि सभी को मिलकर “नशे को ना और जिंदगी को हाँ” का संकल्प लेना चाहिए, तभी एक स्वस्थ और समृद्ध समाज का निर्माण संभव होगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जा रही है तथा उन्हें इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

जिला प्रशासन भी इस अभियान में सहयोग कर रहा है। जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल स्वाति एस भदौरिया ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को अभियान में सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि समाज के सभी वर्ग इस मुहिम से जुड़ें तो निश्चित रूप से नशे के खिलाफ एक मजबूत जनजागरूकता आंदोलन खड़ा किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *