राष्ट्रीय लोक अदालत बैठक संपन्न, पौड़ी सहित सभी न्यायालयों में 14 मार्च को होगा आयोजन
पौड़ी गढ़वाल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 14 मार्च 2026 (शनिवार) को जिला न्यायालय पौड़ी गढ़वाल सहित जनपद के समस्त बाह्य न्यायालयों में किया जाएगा।
लोक अदालत के सफल आयोजन तथा अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के उद्देश्य से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, पौड़ी गढ़वाल की अध्यक्षता में परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लंबित प्रकरणों को चिन्हित कर राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत किया जाए, ताकि उनका त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में नाज़िश कलीम, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल, एन. के. ओझा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, पौड़ी तथा मंगल पांडेय, ए.आर.टी.ओ. (प्रवर्तन) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से वादों का निस्तारण कर लोगों को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराया जाता है, जिससे न्यायालयों में लंबित मामलों की संख्या कम करने में भी सहायता मिलती है।
