पौड़ी

कल्जीखाल में किसान दिवस आयोजित, संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सुनी किसानों की समस्याएं

पौड़ी गढ़वाल। विकासखंड कल्जीखाल में किसान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के किसानों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग कर कृषि से जुड़ी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। कार्यक्रम के दौरान किसानों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने की। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता, सिंचाई सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी किसानों को दी तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि किसान दिवस के माध्यम से किसानों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है, जिससे किसानों की समस्याओं को समझकर उनका समयबद्ध समाधान किया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से किसानों को कृषि तकनीक, जैविक खेती, बागवानी और पशुपालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कई किसानों ने मौके पर ही विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन भी किया।

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीकों को अपनाने, फसल विविधीकरण करने तथा विभागीय योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख गीता देवी, ज्येष्ठ उप प्रमुख अजय पटवाल, कनिष्ठ उप प्रमुख दीपक असवाल, मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी, पादप सुरक्षा अधिकारी अरविंद सिंह, प्रगतिशील किसान अनुज बिष्ट सहित अन्य अधिकारी और क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *