पौड़ी

चारधाम यात्रा से पहले धारी देवी मंदिर जगमगाया, आधुनिक वॉल वॉशर लाइटिंग से बढ़ी भव्यता

पौड़ी गढ़वाल। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से श्रीनगर स्थित प्रसिद्ध धारी देवी मंदिर परिसर में आधुनिक वॉल वॉशर लाइटिंग व्यवस्था स्थापित की गई है। रंग-बिरंगी रोशनी से सजा मंदिर परिसर रात के समय अत्यंत भव्य और मनमोहक दिखाई दे रहा है, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक मंदिर दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और यादगार अनुभव प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में धारी देवी मंदिर परिसर को आधुनिक प्रोग्रामिंग आधारित लाइटिंग से सजाया गया है।

उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग पर स्थित प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों को और अधिक आकर्षक बनाने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत मंदिर परिसर में अत्याधुनिक लाइटिंग सिस्टम स्थापित किया गया है, जिससे रात के समय मंदिर की सौंदर्यात्मक भव्यता और अधिक निखर कर सामने आ रही है।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार लाइटिंग व्यवस्था का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया गया है। यह अत्याधुनिक प्रोग्रामिंग आधारित लाइटिंग सिस्टम कंप्यूटर के माध्यम से संचालित होता है, जिसके जरिए विभिन्न रंगों और पैटर्न की रोशनी मंदिर परिसर में प्रदर्शित होती है। उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा 2 मार्च को यह कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया था।

मंदिर के पुजारी लक्ष्मी प्रसाद पाण्डेय ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धारी देवी मंदिर चारधाम यात्रा मार्ग पर स्थित एक प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण के साथ-साथ एक सुंदर और आकर्षक अनुभव भी प्राप्त होगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रंग-बिरंगी रोशनी से सजा मंदिर परिसर अब रात के समय अत्यंत आकर्षक दिखाई दे रहा है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यह एक नया आकर्षण बनेगा तथा क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *