विश्व युवक केंद्र में कर्मश्री अवार्ड-2026 का भव्य आयोजन, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिली डॉक्टरेट की मानद उपाधि
नई दिल्ली। सॉक्रेटेज सोशल रिसर्च यूनिवर्सिटी द्वारा कर्मश्री अवार्ड-2026 सम्मान समारोह का आयोजन विश्व युवक केन्द्र सभागार, त्रिमूर्ति चौक चाणक्यपुरी, नई दिल्ली मे किया गया। कार्यक्रम में देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को मानद डॉक्टरेट उपाधि से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कुल 51 पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों और विशिष्ट अतिथियों में डॉ दिनेश मोहन शर्मा (सीबीआई अधिकारी), उर्मिला श्रीवास्तव (पद्मश्री सम्मानित), पी के मिश्रा(आईपीएस, डीजी बीएसएफ), रंजीत कुमार सिंह (दिल्ली विधानसभा सचिव), प्रीति नंदी, सुशील कुमार, पंकज वर्मा तथा भारतीय विदेश सेवा की अधिकारी अंजू रंजन सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसके बाद गणेश वंदना और वंदे मातरम् के उच्चारण से सभागार गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा कई पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर डॉ पुनीत गोयल, डॉ सुबोध सचान, इंजीनियर निहारिका और आदि नारायण सहित अन्य रचनाकारों की पुस्तकों का लोकार्पण किया गया।
संस्था की ओर से डॉ नमिता जैन ने संगठन की गतिविधियों और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संस्था समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर दिल्ली विधानसभा के सचिव रंजीत कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र और समाज के विकास के लिए मानव संसाधन का समृद्ध होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमारा ज्ञान-विज्ञान प्राचीन काल में अत्यंत समृद्ध था, लेकिन आक्रांताओं ने इसे काफी क्षति पहुंचाई। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि यदि जज्बा और संकल्प मजबूत हो तो परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव ने माँ विंध्यवासिनी की स्तुति के साथ लोक परंपराओं में प्रचलित हल्दी और कजरी गीतों की व्याख्या करते हुए उनकी सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अनेक व्यक्तियों को मानद डॉक्टरेट उपाधि से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में संजय राणा, संजय तलवार (ऑस्ट्रेलिया में कार्यरत), सनोबर अली, हेमलता बलूनी और उज्ज्वल ऋषि, श्रीनिवास राव, मेघना जैन सहित कई अन्य को शामिल रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिवानी पांडेय द्वारा किया गया।
समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों और प्रतिभागियों ने इसे ज्ञान, संस्कृति और सामाजिक योगदान के सम्मान का प्रेरणादायी मंच बताया।
