थलीसैंण के स्योली तल्ली में बहुउद्देश्यीय शिविर, 27 शिकायतों में अधिकांश का मौके पर निस्तारण
पौड़ी। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत विकासखंड थलीसैंण की स्योली तल्ली पंचायत भवन में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 27 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी ने की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का त्वरित समाधान कराया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाना है, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान भी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
शिविर के दौरान 138 पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व, वन, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, कृषि, उद्यान सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं प्रदान की गईं।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी शिविर एवं अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई मुकेश दत्त, खंड विकास अधिकारी टीकाराम कोठियाल, नायब तहसीलदार सुदामा सिंह रावत, पूर्ति निरीक्षक हमेंद्र कुमार, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रीति गौतम, ग्राम विकास अधिकारी सुष्मिता रावत सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
