पौड़ी

पौड़ी में सतत विकास लक्ष्यों व विजन-2047 पर कार्यशाला, विभागीय समन्वय पर जोर

पौड़ी। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय, पौड़ी गढ़वाल के तत्वावधान में विकास भवन सभागार में सतत विकास लक्ष्यों, डाटा इकोसिस्टम, पीएम गतिशक्ति तथा विजन-2047 विषयों पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने की।

कार्यशाला का उद्देश्य जनपद स्तर पर सतत विकास लक्ष्य की प्राप्ति हेतु विभागीय समन्वय, डाटा आधारित योजना निर्माण तथा दीर्घकालिक विकास रणनीति को सुदृढ़ करना रहा।

जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने ने संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित 17 सतत विकास लक्ष्यों एवं वर्ष 2047 तक निर्धारित विजन की रणनीति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने कहा कि इन लक्ष्यों को ग्राम पंचायत विकास योजनाओं में समाहित करते हुए स्थानीय स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना आवश्यक है, जिससे समावेशी एवं संतुलित विकास को गति मिल सके।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता, पलायन, कृषि भूमि की चकबंदी, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वनाग्नि तथा जलवायु परिवर्तन जैसी प्रमुख चुनौतियों पर चर्चा करते हुए विभागों, पंचायतीराज संस्थाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया।

सीपीपीजीजी सेल से आए विशेषज्ञों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सतत विकास लक्ष्य, पीएम गतिशक्ति एवं विजन-2047 के तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। कुपोषण एवं टीकाकरण जैसे सूचकांकों में सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यशाला में जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, पीएम स्वजल दीपक रावत, पीएम उरेडा सहित जनपद एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी, अपर सांख्यिकीय अधिकारी, सहायक सांख्यिकी अधिकारी तथा जीआईएस/पीएम गतिशक्ति से जुड़े कार्मिक उपस्थित रहे।

– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *