उत्तराखंड

एकेश्वर ब्लॉक के गुराड़ तल्ला में ‘जन–जन की सरकार’ शिविर, 73 ग्रामीण लाभान्वित

एकेश्वर/पौड़ी। राज्य सरकार द्वारा संचालित जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के तहत विकासखंड एकेश्वर की न्याय पंचायत स्याेली क्षेत्र के गुराड़ तल्ला में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर की अध्यक्षता अपर सहकारिता निबंधक राहुल प्रताप ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर प्रशासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि शिविर में सहकारिता, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, पंचायतीराज, कृषि, उद्यान, खाद्य पूर्ति तथा राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों की सहभागिता रही। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।

शिविर में कुल 73 ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। वहीं ग्रामीणों द्वारा 14 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से अधिकांश का तत्काल निस्तारण किया गया तथा शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

इस अवसर पर एडीओ पंचायत बनेश कुमार, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रेम प्रकाश, सहायक उद्यान अधिकारी ताजबर सिंह सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *