हर सोमवार कलेक्ट्रेट में ‘जनता मिलन’ कार्यक्रम, शिकायतों का होगा त्वरित निस्तारण
पौड़ी गढ़वाल। जनपद में आम नागरिकों की समस्याओं के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु अब प्रत्येक सोमवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में ‘जनता मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से प्रशासन आमजन से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेगा।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देशानुसार जनसमस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ‘जनता मिलन’ कार्यक्रम में राजस्व, पुलिस, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, जल संस्थान, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे, जिससे प्राप्त शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण किया जा सके।
जटिल एवं बहु-विभागीय प्रकरणों के लिए समय-सीमा निर्धारित कर उनकी नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन पारदर्शी, उत्तरदायी एवं संवेदनशील व्यवस्था स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे नागरिकों का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर अपनी समस्याएँ प्रस्तुत करने की अपील की है।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
