पौड़ी

मवाकोट में भारत उदय एक्सपो–2026 का शुभारंभ

लैंसडाउन विधायक महंत दिलीप रावत ने किया उद्घाटन, स्थानीय उत्पादों को मिला बड़ा मंच

कोटद्वार/पौड़ी। मवाकोट स्थित गेंद मेला ग्राउंड में आयोजित भारत उदय एक्सपो–2026 का शुभारंभ लैंसडाउन विधायक महंत दिलीप रावत ने बतौर मुख्य अतिथि किया। तीन दिवसीय इस आयोजन में स्थानीय उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों एवं विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी रही।

एक्सपो में उद्योग विभाग सहित विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें स्थानीय हस्तशिल्प, कृषि एवं उद्यान उत्पाद, खाद्य प्रसंस्कृत सामग्री तथा अन्य पारंपरिक उत्पाद प्रदर्शित एवं विक्रय के लिए उपलब्ध हैं। इसके साथ ही उत्तराखंड सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा सूचना स्टॉल स्थापित कर आमजन को संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई जा रही है।

मुख्य अतिथि विधायक महंत दिलीप रावत ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के साथ स्वरोजगार को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “वोकल फॉर लोकल” अवधारणा को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीद करें और स्वयं सहायता समूहों एवं लघु उद्यमियों को सशक्त बनाएं।

कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय उद्योगों को बाजार उपलब्ध कराना, लघु एवं सूक्ष्म उद्यमों को प्रोत्साहित करना तथा आमजन तक सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।

इस अवसर पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग, देहरादून के निदेशक, गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, आयोजन समिति के सदस्य, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *