पौड़ी

बूंगीधार न्याय पंचायत में बहुउद्देश्यीय शिविर, 50 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

‘जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत 23 विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी

पौड़ी गढ़वाल। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत विकासखंड थलीसैंण की न्याय पंचायत बूंगीधार के पंचायत भवन कफलगांव में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

शिविर में कुल 53 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 50 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। शिविर में 512 ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर विभागीय स्टॉलों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके अतिरिक्त 38 पात्र व्यक्तियों के विभिन्न प्रमाण पत्र बनाए गए तथा 57 लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर की अध्यक्षता एसडीओ सिविल एवं सोयम पौड़ी राखी जुयाल ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।

शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व, वन, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, कृषि तथा उद्यान सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें लाभान्वित भी किया गया।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी शिविर एवं अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग विनोद कुमार जोशी, एई गजेन्द्र सिंह राणा सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *