पौड़ी

सिमलना में बहुउद्देश्यीय शिविर, 54 शिकायतों में अधिकांश का मौके पर निस्तारण

दुगड्डा/ पौड़ी। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत विकासखंड दुगड्डा की न्याय पंचायत सिमलना में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 54 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। साथ ही 128 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में 476 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया।

शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार ने की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को कई शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शेष लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना एवं पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना है।

शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल विकास, वन, राजस्व, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, कृषि, उद्यान सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को जानकारी एवं सेवाएं प्रदान की गईं।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता विद्युत नंदिता अग्रवाल, खंड विकास अधिकारी विद्या दत्त रतूड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *