बागेश्वर धाम में सप्तम कन्या विवाह महामहोत्सव: आस्था, सेवा और संस्कार का ‘बुंदेलखंड महाकुंभ’
बुंदेलखंड, 16 फरवरी। बागेश्वर धाम की पावन धरती दिव्यता, आस्था और मानवीय संवेदनाओं से आलोकित हो उठी, जब आचार्य श्री धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के मार्गदर्शन, नेतृत्व व आशीर्वाद में आयोजित सप्तम कन्या विवाह महामहोत्सव ने नया इतिहास रच दिया। इस विराट सामूहिक विवाह समारोह में अनेकों श्रद्धालुओं, पूज्य संतों, समाजसेवियों, आठ देशों के राजदूतों तथा देश-विदेश से आए गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने इसे वास्तव में “बुंदेलखंड महाकुंभ” का स्वरूप प्रदान किया।

सामूहिक विवाह महोत्सव भारतीय संस्कृति के मूल तत्व—संस्कार, सेवा और समर्पण—का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा। अनेकों कन्याओं का वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन, पूजा और मंगल गीतों के बीच संपन्न हुए इन विवाहों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। आयोजन से प्रत्येक बेटी को सम्मान, सुरक्षा और आत्मसम्मान का आशीर्वाद मिला।
इस ऐतिहासिक अवसर पर आध्यात्मिक चेतना के अग्रदूत, पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती विदेश यात्रा से सीधे बागेश्वर धाम पहुँचे और नवदंपत्तियों को आशीर्वाद व शुभकामनाएँ दीं। अपने प्रेरणादायी संदेश में उन्होंने कहा कि कन्या का विवाह केवल एक पारिवारिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज निर्माण का आधार है। जब समाज मिलकर बेटियों के भविष्य की जिम्मेदारी लेता है, तभी सच्चे अर्थों में राष्ट्र निर्माण होता है। भारतीय संस्कृति में कन्या को देवी स्वरूप माना गया है और ऐसे आयोजन समानता, करुणा व सहयोग की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
आचार्य श्री धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने स्वयं इन बेटियों के धर्मपिता बनकर उन्हें ससम्मान विदा किया, जो उपस्थित जनसमूह के लिए भावुक क्षण रहा। महोत्सव में विभिन्न देशों के राजदूतों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन को वैश्विक पहचान दिलाई। विदेशी अतिथियों ने भारतीय परंपरा की इस अनूठी सामाजिक पहल की सराहना करते हुए इसे वैश्विक मानवता के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
पूरे परिसर को भव्य एवं दिव्य रूप से सजाया गया था। फूलों की साज-सज्जा, पारंपरिक मंडप, विशाल यज्ञशालाएँ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया। स्वयंसेवकों ने सेवा भाव से भोजन, जल एवं अन्य व्यवस्थाओं का संचालन किया। भारी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बावजूद अनुशासन और सुव्यवस्था का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला।
नवविवाहित दंपत्तियों को आत्मनिर्भर बनाने हेतु आवश्यक सहयोग भी प्रदान किया गया। यह आयोजन सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है।
सप्तम कन्या विवाह महोत्सव इस तथ्य का सशक्त प्रमाण है कि जब समाज, संत और सेवा की भावना एक साथ आती है, तो असंभव भी संभव हो जाता है। बुंदेलखंड की यह दिव्य गाथा भारतीय संस्कृति की अमर परंपरा को नई ऊर्जा देती है और यह संदेश देती है कि बेटियाँ बोझ नहीं, बल्कि राष्ट्र की शक्ति हैं।
