उत्तराखंड

बोर्ड परीक्षाएं नकलविहीन व पारदर्शी हों—जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया

125 परीक्षा केन्द्रों पर 23 फरवरी से 18 मार्च तक होंगी परीक्षाएं, 12,605 छात्र-छात्राएं होंगे शामिल

पौड़ी गढ़वाल। आगामी हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राजकीय इण्टर कॉलेज, पौड़ी में जनपद के शिक्षाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में परीक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी तैयारियों को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को निष्पक्ष एवं अनुकूल परीक्षा वातावरण मिल सके।

जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षाधिकारियों को अपने-अपने विकासखंड स्तर पर शीघ्र बैठक आयोजित कर परीक्षा संबंधी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने शिक्षा एवं पुलिस विभाग को आपसी समन्वय के साथ नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही पर रोक, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित अभिरक्षा, सीसीटीवी की कार्यशीलता, केंद्रों पर सतत निगरानी तथा उड़नदस्तों की सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने परीक्षा ड्यूटी में तैनात कार्मिकों की समय पर नियुक्ति, प्रशिक्षण, उत्तरपुस्तिकाओं के सुरक्षित संकलन एवं मूल्यांकन केंद्रों तक सुरक्षित प्रेषण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों के लिए पूर्व में ओरिएंटेशन सत्र आयोजित कर परीक्षा प्रक्रिया, समय प्रबंधन, उत्तरपुस्तिका नामांकन, आचार संहिता एवं तनाव प्रबंधन की जानकारी दी जाए।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेय सयाना को निर्देशित किया कि सभी 125 परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, पर्याप्त फर्नीचर, स्वच्छ शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं प्राथमिक उपचार की सुविधा पूर्व से सुनिश्चित की जाए। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुगम व्यवस्था, बैठने की समुचित योजना, प्रश्नपत्र वितरण की गोपनीयता एवं आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखने के भी निर्देश दिए गए।

मुख्य शिक्षाधिकारी ने जानकारी दी कि 23 फरवरी से 18 मार्च 2026 तक संचालित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के लिए जनपद में कुल 125 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 124 केंद्रों पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं दोनों की परीक्षाएं आयोजित होंगी, जबकि राजकीय इण्टर कॉलेज, देवीखाल में केवल कक्षा 10वीं की परीक्षा होगी। जनपद में कुल 12,605 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित होंगे, जिनमें 6,185 हाईस्कूल एवं 6,420 इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी शामिल हैं।

बैठक में प्रधानाचार्य जीआईसी मोहन चंद्र घिल्डियाल, जिला खेल समन्वयक योगंबर नेगी, उपनिरीक्षक पुलिस विभाग मेहराजुद्दीन सहित सभी खंड शिक्षाधिकारी एवं केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *