पौड़ी

कल्जीखाल के पंचाली में बहुउद्देश्यीय शिविर, 25 शिकायतें दर्ज, 110 लाभार्थी लाभान्वित

पौड़ी। जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत विकासखंड कल्जीखाल की न्याय पंचायत पंचाली में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 25 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। साथ ही 110 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभ प्रदान किया गया। शिविर में कुल 502 लोगों ने प्रतिभाग किया।

अपर सचिव पशुपालन, मत्स्य एवं शहरी विकास संतोष बडोनी ने कहा कि यह अभियान सरकार की एक महत्वपूर्ण जनहितकारी पहल है, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ सरलता से मिल रहा है तथा विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से समय और संसाधनों की बचत हो रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी वंचित न रहे।

शिविर की अध्यक्षता डीएफओ सिविल एवं सोयम पवन नेगी ने की। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शेष शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से समस्याओं के समाधान में तेजी आ रही है और आमजन को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।

शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल विकास, कृषि, उद्यान, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, राजस्व सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी, आवेदन स्वीकार करने और मौके पर समाधान की व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गीता देवी, ग्राम प्रधान पंचाली अशोक रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य कविता देवी व अंजू देवी, नोडल अधिकारी शिविर एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी, एडीओ पंचायत प्रदीप गुसाईं, मत्स्य निरीक्षक सौरभ जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *