जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक में अहम फैसले, एंगलर हट फर्निशिंग व बकाया वसूली के निर्देश
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में जिला पर्यटन विकास समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यटन विभाग की परिसंपत्तियों को किराए पर दिए जाने, उनके प्रभावी संचालन एवं रखरखाव से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने सतपुली स्थित एंगलर हट को शीघ्र फर्निश करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभागीय परिसंपत्तियों के रखरखाव के लिए आवश्यक अंशदान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटन विभाग की परिसंपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए।
खिर्सू स्थित बासा होम स्टे की समीक्षा के दौरान संचालकों द्वारा किराया जमा न करने का मामला सामने आया। इस पर जिलाधिकारी ने सुरक्षा राशि वसूलने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण कर दोबारा टेंडर आमंत्रित करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में डांडा नागराजा स्थित रैन बसेरे के लिए ओपन टेंडर प्रक्रिया शुरू करने तथा श्रीनगर स्थित रैन बसेरे को बेहतर प्रबंधन के लिए नगर निगम श्रीनगर को हस्तांतरित करने का निर्णय लिया गया।
जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी को पौड़ी स्थित जीएमवीएन पार्किंग का जिला विकास प्राधिकरण के साथ संयुक्त निरीक्षण कर शीघ्र हैंडओवर प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रीनगर में निर्मित दुकानों एवं कॉम्प्लेक्स के टेंडर पर भी सहमति प्रदान की गई।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने धारी देवी मंदिर के प्रकाशीकरण कार्य की समय सीमा तय करते हुए कार्यदायी संस्था को फरवरी माह के अंत तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव, उपनिरीक्षक प्रवीण रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
