विश्व कैंसर दिवस पर पौड़ी जिला चिकित्सालय में जन-जागरूकता कार्यक्रम, समय पर जांच से संभव है कैंसर का उपचार
पौड़ी। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नाजिस कलीम की अध्यक्षता में विश्व कैंसर दिवस की थीम “यूनाइटेड बाय यूनिक” के अंतर्गत जिला चिकित्सालय पौड़ी में जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों ने आमजन को कैंसर के प्रकार, लक्षण, पहचान, बचाव एवं उपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान डा. शशांक उनियाल ने मुंह के कैंसर के लक्षणों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यदि मुंह में घाव एक माह बाद भी न भरे, मुंह खोलने में कठिनाई हो अथवा चबाने और निगलने में परेशानी हो, तो यह मुंह के कैंसर के संकेत हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि धूम्रपान, गुटखा और तंबाकू का सेवन मुंह के कैंसर का प्रमुख कारण है। ऐसे में लोगों को इनका सेवन छोड़कर समय-समय पर मुंह की जांच कराते रहना चाहिए, ताकि बीमारी की प्रारंभिक अवस्था में ही पहचान हो सके।
डा. अलीशा ने महिलाओं को स्तन कैंसर एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के प्रति जागरूक करते हुए “स्वयं स्तन परीक्षण” की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित जांच और स्वयं परीक्षण के माध्यम से महिलाएं प्रारंभिक स्तर पर ही स्तन कैंसर की संभावना को पहचान सकती हैं, जिससे उपचार अधिक प्रभावी हो जाता है।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नाजिस कलीम ने कहा कि पहले कैंसर को लेकर समाज में भय और झिझक रहती थी, लेकिन अब चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर शोध के चलते समय पर कैंसर की पहचान होने पर उपचार संभव है। उन्होंने कहा कि विश्व कैंसर दिवस का उद्देश्य लोगों में जागरूकता बढ़ाना है, क्योंकि बदलती जीवनशैली, खानपान और दूषित पर्यावरण के कारण कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में नियमित जांच और जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. पारुल गोयल ने कहा कि कैंसर आज देश ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर एक बड़ी चुनौती बन चुका है। उन्होंने बताया कि 30 से 69 वर्ष आयु वर्ग के लोगों में कैंसर का खतरा अधिक रहता है। उन्होंने जानकारी दी कि विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 100 दिवसीय गैर संचारी रोग रोकथाम एवं बचाव अभियान का शुभारंभ किया गया है, जो आज से 14 मई 2026 तक संचालित रहेगा। अभियान के तहत जनपद के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में निःशुल्क रक्तचाप, शुगर, मुंह के कैंसर, गर्भाशय एवं स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग तथा संदर्भन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने लोगों से तंबाकू और शराब से दूर रहने तथा नियमित स्क्रीनिंग कराने की अपील की।
कार्यक्रम में सीएमएस जिला चिकित्सालय पौड़ी एल.डी. सेमवाल, गैर संचारी रोग परामर्शदाता श्वेता गुंसाई, सामाजिक कार्यकर्ता अरुणा उनियाल, विनोद, राखी, अमीषा, विधि, शकुन्तला नेगी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
