पौड़ी

थलीसैंण के बगेली में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, 19 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर निस्तारण

थलीसैंण (पौड़ी गढ़वाल)। सोमवार को विकासखंड थलीसैंण की न्याय पंचायत बगेली में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया, जिसके चलते कार्यक्रम को सादगीपूर्ण ढंग से संपन्न किया गया।

शिविर में कुल 19 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए शीघ्र एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी ने की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उपजिलाधिकारी ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार मुख्यालय न जाना पड़े तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ गांव स्तर पर ही उपलब्ध कराया जा सके। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।

शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल विकास, वन, राजस्व, कृषि, उद्यान, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, एनआरएलएम, रीप सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

इस अवसर पर शिविर के नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता विद्युत नैनीडांडा देवराज सिंह, एसडीओ थलीसैंण अभिषेक नेगी, नायब तहसीलदार सुदामा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *