देवभूमि पब्लिक स्कूल नकोट में बाल संरक्षण एवं साइबर सुरक्षा पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद सिंह के निर्देशन में देवभूमि पब्लिक स्कूल, नकोट (श्रीनगर) में बाल संरक्षण एवं साइबर सुरक्षा विषय पर जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, पोक्सो अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम, साइबर अपराधों से बचाव तथा बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कानूनों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में महिला थाना की पुलिस इंस्पेक्टर प्रियंका भारद्वाज ने पोक्सो अधिनियम के अंतर्गत बच्चों के साथ होने वाले अपराधों, उनके कानूनी अधिकारों तथा पीड़ितों को मिलने वाली कानूनी सहायता एवं संरक्षण की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असहज या आपत्तिजनक स्थिति में निडर होकर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
थाना श्रीनगर से इंस्पेक्टर विमल कुमार ने वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रकाश डालते हुए सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव एवं डिजिटल सतर्कता के विषय में जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराध की सूचना के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1030 के महत्व को भी बताया।
बाल कल्याण समिति की सदस्य सुनीता भट्ट ने समिति की कार्यप्रणाली, अधिकारों एवं दायित्वों के साथ-साथ संकटग्रस्त बच्चों के संरक्षण एवं पुनर्वास में समिति की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। वहीं पूजा नेगी ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से बच्चों को मिलने वाली सहायता, इसकी कार्यप्रणाली तथा आपात स्थितियों में त्वरित सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया को उदाहरणों के साथ समझाया।
कार्यक्रम में निखिल डेविड द्वारा पोक्सो अधिनियम एवं किशोर न्याय (जेजे) अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई, जबकि प्रज्ञा नैथानी ने बाल विवाह के दुष्प्रभावों, इसके सामाजिक एवं मानसिक प्रभावों तथा बाल विवाह की रोकथाम में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य भगवान सिंह ने सभी अतिथियों एवं वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, गलत के विरुद्ध आवाज उठाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रज्ञा नैथानी, निखिल डेविड सहित चाइल्ड हेल्पलाइन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बताया।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
