पौड़ी

पौड़ी गढ़वाल में व्यापक स्वच्छता अभियान जारी, अब तक 2100 किलोग्राम से अधिक प्लास्टिक व अपशिष्ट संग्रहित

पौड़ी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के नेतृत्व में जनपद पौड़ी गढ़वाल में 26 जनवरी से 26 फरवरी 2026 तक विशेष, व्यापक एवं सहभागितापूर्ण स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानकर जनभागीदारी से जुड़ा एक सतत सामाजिक आंदोलन के रूप में स्थापित करना है। अभियान के तहत अब तक लगभग 2100 किलोग्राम से अधिक प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट एकत्रित किया जा चुका है।

इस अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा प्रतिदिन स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि आंगनबाड़ी परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों की नियमित साफ-सफाई के साथ ग्रामीणों, महिलाओं एवं अभिभावकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है तथा स्वच्छता की शपथ भी दिलाई जा रही है। वहीं, जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालयों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाकर सामूहिक रूप से शपथ ली जा रही है।

उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां स्वच्छता अभियान की सशक्त वाहक बनकर घर-घर तक स्वच्छता का संदेश पहुंचा रही हैं, जिससे यह पहल केवल अभियान तक सीमित न रहकर लोगों की दिनचर्या और जीवनशैली का हिस्सा बन सके।

उल्लेखनीय है कि अभियान के तहत जनपद के सभी विकासखंडों, नगर निकाय क्षेत्रों एवं ग्राम पंचायतों में प्रतिदिन विविध स्वच्छता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा श्रमदान कर सार्वजनिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों, सड़कों के किनारे, बस अड्डों एवं आवासीय क्षेत्रों की नियमित सफाई की जा रही है। साथ ही गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण, कूड़ा संग्रहण, प्लास्टिक उपयोग में कमी तथा स्वच्छ पर्यावरण के महत्व को लेकर आम नागरिकों को निरंतर जागरूक किया जा रहा है।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि यह अभियान केवल एक माह की गतिविधि नहीं, बल्कि स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशील समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर चलने वाला प्रयास है। उन्होंने बताया कि प्रभावी निगरानी के लिए प्रत्येक विकासखंड में नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है तथा कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 26 फरवरी के बाद भी स्वच्छता अभियान की यह पहल लगातार जारी रहेगी, ताकि जनपद में स्वच्छता को स्थायी आदत के रूप में स्थापित किया जा सके।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *