कोटद्वारपौड़ी

कोटद्वार बर्ड फेस्टिवल में मुख्यमंत्री धामी ने किया प्रतिभाग, ₹326 करोड़ से अधिक की 61 विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कोटद्वार में आयोजित दो दिवसीय बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल में प्रतिभाग करते हुए जनपद के विभिन्न विकासखंडों के लिए करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा कुल 61 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया, जिनकी कुल लागत ₹32,612.33 लाख रही।

मुख्यमंत्री कोटद्वार पहुंचने पर सबसे पहले दिव्यांग बालक-बालिकाओं से मिले और उनकी शिक्षा के संबंध में जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने सिद्धबली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सनेह क्षेत्र में आयोजित दो दिवसीय बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम स्थल पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज कोटद्वार की छात्राओं द्वारा गढ़वाली लोकभाषा में प्रस्तुत स्वागत गीत एवं हेरिटेज स्कूल के बच्चों की पक्षी-प्रकृति संरक्षण आधारित प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा 21 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया, जिनकी अनुमानित लागत ₹8,172.78 लाख रही, जबकि 40 योजनाओं का लोकार्पण ₹24,439.55 लाख की लागत से संपन्न हुआ।

मुख्यमंत्री ने फेस्टिवल परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया, जिनमें पक्षियों की फोटो प्रदर्शनी विशेष आकर्षण रही। उन्होंने कहा कि बर्ड फेस्टिवल जैसे आयोजन न केवल पक्षी संरक्षण को बढ़ावा देते हैं, बल्कि स्थानीय पर्यटन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला सशक्तिकरण को भी मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि 21वां दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा और इसमें महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

मुख्यमंत्री ने कोटद्वार क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि बस टर्मिनल, आयुष चिकित्सालय, खोह नदी को प्रदूषण मुक्त करने हेतु एसटीपी स्थापना, मालन नदी पर पुल निर्माण तथा कोटद्वार-नजीबाबाद फोर लेन निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। साथ ही उन्होंने हल्दूखाता में पेयजल योजना सुदृढ़ीकरण, राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार में भवन निर्माण, जीतपुर गांव में बाढ़ सुरक्षा कार्य, पीएचसी झंडीचौड़ में 108 एम्बुलेंस सुविधा तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में चहारदीवारी निर्माण की घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड जैव विविधता से समृद्ध राज्य है, जहां देश की 1300 पक्षी प्रजातियों में से 400 से अधिक प्रजातियां पाई जाती हैं। उन्होंने सुरख़ाब जैसे दुर्लभ पक्षियों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि पक्षी पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विधानसभा अध्यक्षा एवं स्थानीय विधायक ऋतु खण्डूरी भूषण ने बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल को इको-टूरिज्म और बर्ड-टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया और इसे राज्य के वार्षिक कैलेंडर में शामिल करने का सुझाव दिया।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि जैव विविधता, प्रकृति और जीवन के प्रति संवेदनशीलता का संदेश है, जिससे कोटद्वार को पर्यटन के नए आयाम मिलेंगे।

दो दिवसीय फेस्टिवल के पहले दिन 2500 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया, जिनमें छात्र-छात्राएं, युवा, महिलाएं एवं बर्ड वॉचर शामिल रहे। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अंतिम दिन पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. पद्मेश बुड़ाकोटी ने किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, बर्ड वॉचर एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *