पौड़ी

बाल अधिकार एवं डिजिटल सुरक्षा पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

पौड़ी। जिला परिवीक्षा अधिकारी/जिला बाल संरक्षण अधिकारी अरविंद कुमार के निर्देशन में जनता इंटर कॉलेज एवं राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, ल्वाली में बाल सुरक्षा, बाल अधिकार एवं डिजिटल सुरक्षा विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा तंत्र तथा सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सजग बनाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान बाल कल्याण समिति की सदस्य सुनीता भट्ट ने पाॅक्सो अधिनियम के प्रावधानों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा पीड़ित बच्चों के संरक्षण से जुड़ी जानकारी को सरल एवं सहज भाषा में प्रस्तुत किया। वहीं प्रज्ञा नैथानी ने मंच संचालन करते हुए 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन की 24×7 सेवा की उपयोगिता और आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

संरक्षण अधिकारी सागर लिंगवाल ने बच्चों को साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा ऑनलाइन सतर्कता से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने डिजिटल दुनिया में सावधानी बरतने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य नागेंद्र प्रसाद जुगराण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, सामाजिक कार्यकर्ता सूरज कुमार एवं केस वर्कर धर्मेंद्र सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *