उत्तराखंडटिहरी

स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली पर लुसुन टोडरिया का हमला, एंबुलेंस न मिलने से हुई मौतों का आरोप

टिहरी। मूल निवास भू कानून समन्वय समिति के संयोजक लुसुन टोडरिया ने टिहरी जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल नई टिहरी में समय पर एंबुलेंस उपलब्ध न होने के कारण एक महिला सफाई कर्मी की मौत हो गई, जबकि देवप्रयाग क्षेत्र के सीएचसी बागी में एंबुलेंस चालक के अभाव में एक गर्भवती महिला की जान चली गई।

लुसुन टोडरिया ने कहा कि ये घटनाएं टिहरी जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की गंभीर खामियों को उजागर करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमराई हुई हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है।

उन्होंने टिहरी जिले की इस बदहाल स्थिति के लिए वर्तमान जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि ही स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और सुधार के लिए उत्तरदायी हैं, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

टोडरिया ने सरकार से मांग की कि जिले में एम्बुलेंस सेवाओं, चिकित्सकीय स्टाफ और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं को तत्काल सुदृढ़ किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *