पौड़ी

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के तहत बीरोंखाल के भरोली में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित

पौड़ी गढ़वाल। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को विकासखंड बीरोंखाल की न्याय पंचायत भरोली में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय लोगों द्वारा 40 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 103 लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, जबकि 63 लोगों ने विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनाए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किए।

शिविर की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी ने की। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य जनता की समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान करना है, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंच सके। उन्होंने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है।

खंड विकास अधिकारी सुदर्शन सिंह बुटोला ने बताया कि विभागीय स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभ दिया जा रहा है तथा अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं।

शिविर में कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, समाज कल्याण, पंचायतीराज, खाद्य पूर्ति, राजस्व विभाग सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख कुलदीप नेगी, सिंचाई अधिशासी अभियंता श्रीनगर सचिन शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी वर्षा भारद्वाज, एडीओ पंचायत राजेंद्र रावत, ग्राम प्रधान नौगांव ओमपाल सिंह बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *