पौड़ी

रिखणीखाल के कुमाल्डी में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित

पौड़ी गढ़वाल। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत विकासखंड रिखणीखाल की न्याय पंचायत कुमाल्डी में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय विधायक दिलीप रावत महंत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक दिलीप रावत ने सरकार की इस लोकहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर आम जनता को सीधे सरकारी योजनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं तथा ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ता।

अपर सचिव, सहकारिता एवं ऊर्जा मेहरबान सिंह बिष्ट ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए शीघ्र, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को समय पर राहत मिल सके और शासन के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।

नोडल अधिकारी/सहायक श्रमायुक्त कोटद्वार शैलेश सती ने बताया कि शिविर में घेरबाड़, सड़क, स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल, वन, गूल मरम्मत सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 62 समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया है।

उन्होंने बताया कि शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों के माध्यम से लगभग 205 ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया, जबकि 15 ग्रामीणों के विभिन्न प्रमाण पत्र बनाए जाने हेतु आवेदन भरवाए गए।

शिविर में कृषि, समाज कल्याण, उद्यान, वन, स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, खाद्य एवं पूर्ति, बाल विकास सहित कुल 23 विभागों ने सहभागिता कर अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख रिखणीखाल रेनू रावत, उप जिलाधिकारी शालिनी मौर्य, खंड विकास अधिकारी देवेश पंत, उप प्रभागीय अधिकारी रजत कपिल, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सुनील कोटनाला, क्षेत्र पंचायत सदस्य बसंती शाह, यशपाल सिंह, ग्राम प्रधान शांति देवी, सुनीता देवी, पूजा देवी, सिंधु देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *