दुगड्डा ब्लॉक के उमथगांव में बहुउद्देशीय शिविर, 170 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ
दुगड्डा/पौड़ी। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत विकासखंड दुगड्डा की न्याय पंचायत उमथगांव में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की भारी सहभागिता देखने को मिली। इस दौरान कुल 18 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। साथ ही 170 पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में कुल 463 ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता की।

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि प्रदेश सरकार की इस पहल के अंतर्गत जनपद की सभी न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे आम जनमानस को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में प्रतिभाग करने का आह्वान किया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में दर्ज शेष शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
नोडल अधिकारी शिविर एवं अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत भावना रावत ने बताया कि शिविर में दर्ज 18 शिकायतों में से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया है, जबकि शेष शिकायतों को निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से 170 लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त 15 विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र भी बनाए गए।
शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल विकास, वन, राजस्व, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। विभागीय अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सूरज नेगी, जिला पंचायत सदस्य सीमा भंडारी, खंड विकास अधिकारी विद्यादत्त रतूड़ी, जेई जिला पंचायत अनुज सेमवाल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
