नगर पालिका परिषद मुनि की रेती–ढालवाला ने दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं, स्वच्छ व स्वस्थ नगर के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील
ऋषिकेश। नगरपालिका परिषद मुनि की रेती–ढालवाला, टिहरी गढ़वाल की ओर से समस्त देशवासियों एवं क्षेत्रवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने हेतु सक्रिय सहयोग की अपील की है।

नगर पालिका परिषद ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया है कि वे नगरपालिका के भवनकर का समय पर भुगतान करें तथा अपने आसपास, सार्वजनिक स्थलों और विशेष रूप से आस्था पथ की स्वच्छता बनाए रखें। परिषद ने अपील की कि कचरे को निर्धारित कचरा पात्रों में ही डालें और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाएं।
नगर पालिका ने नागरिकों से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में मुनि की रेती–ढालवाला को नंबर-1 बनाने में सहयोग देने का अनुरोध किया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि आस्था पथ पर पालतू कुत्तों को टहलाना वर्जित है, जिससे वहां स्वच्छता बनाए रखी जा सके।
परिषद ने गीले एवं सूखे कूड़े को अलग-अलग कर नगर निकाय के कूड़ा वाहनों में डालने तथा गीले कूड़े से घर में खाद (होम कम्पोस्टिंग) बनाने की अपील की। इसके साथ ही गीले, सूखे और हानिकारक कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबीन के प्रयोग पर जोर दिया गया।
नगर क्षेत्र में खुले में मल-मूत्र न करने और निकाय को खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ प्लस-प्लस) बनाए रखने में सहयोग देने का भी आह्वान किया गया। पॉलीथीन का प्रयोग, खुले में थूकना एवं कूड़ा डालना प्रतिबंधित बताते हुए शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग की अपील की गई। नागरिकों से अनुरोध किया गया कि प्लास्टिक कैरी बैग आदि इधर-उधर न फेंकें, बल्कि कूड़ेदान में ही डालें।
इसके अलावा निर्माणाधीन भवनों का मलबा सड़क पर न फैलाने की भी अपील की गई। नगर पालिका परिषद ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ नगर के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
इस संदेश पर नगर पालिका परिषद मुनि की रेती–ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षर करते हुए नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की है।
