कोटद्वार में 31 जनवरी और 1 फरवरी को होगा दो दिवसीय बर्ड फेस्टिवल। डीएम ने की, तैयारियों की समीक्षा
कोटद्वार/पौड़ी। कोटद्वार के सनेह क्षेत्र में आगामी 31 जनवरी एवं 1 फरवरी को आयोजित होने वाले दो दिवसीय बर्ड फेस्टिवल की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं और आयोजन को भव्य स्वरूप दिया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बर्ड फेस्टिवल के दौरान कार्यक्रम स्थल पर बर्ड वाचिंग से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। बर्ड प्रदर्शनी के साथ-साथ स्टॉल लगाए जाएं, जिनमें विभिन्न पक्षी प्रजातियों, उनके संरक्षण और पर्यावरण संतुलन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही दुर्लभ एवं प्रवासी पक्षियों की पहचान से जुड़े सूचना पैनल, बर्ड आइडेंटिफिकेशन चार्ट एवं जागरूकता सामग्री भी प्रदर्शित की जाए।
उन्होंने बताया कि फेस्टिवल के दौरान बर्ड वाचिंग के लिए कुल 12 नेचर ट्रेल्स विकसित की जाएंगी, जिनके माध्यम से प्रतिभागी प्राकृतिक वातावरण में विभिन्न पक्षी प्रजातियों को नजदीक से देख सकेंगे। इसके अतिरिक्त स्कूली बच्चों एवं युवाओं के लिए बर्ड क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिससे उनमें पर्यावरण एवं जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ सके।
जिलाधिकारी ने बाहर से आने वाले बर्ड वॉचरों को आमंत्रित करने तथा उनके ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बर्ड फेस्टिवल के अंतर्गत बर्ड फोटोग्राफी प्रतियोगिता, लाइव फोटोग्राफी सत्र, प्रदर्शनी एवं मैराथन दौड़ का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इस कार्यक्रम से जुड़ सकें।
उन्होंने जिला शिक्षाधिकारी को स्कूली बच्चों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने तथा खेल अधिकारी को मैराथन दौड़ के पंजीकरण बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह नेगी, भातखंडे हिंदुस्तानी संगीत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य अनिरुद्ध बिष्ट सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
