पौड़ी

जनपद में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 की तैयारियां पूर्ण, 25 जनवरी को होगा व्यापक आयोजन

पौड़ी। जनपद में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस–2026 के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप व्यापक, प्रभावी एवं समन्वित रूप से सुनिश्चित किया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 25 जनवरी को प्रातः 11 बजे जिला मुख्यालय, सभी विकासखंडों, समस्त कार्यालयों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों तथा मतदेय स्थलों पर मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान अधिकारी, कर्मचारी एवं मतदाता सामूहिक रूप से मतदाता शपथ लेंगे।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में नागरिक (मेरा भारत, मेरा मत)” निर्धारित की गई है। इस थीम के अंतर्गत शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि मतदाता दिवस से पूर्व विद्यालयों में भाषण, वाद-विवाद, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाए। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को कार्यक्रम स्थल पर सम्मानित किया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यालय के साथ-साथ विधानसभा स्तर पर न्यूनतम एक दिव्यांग, एक युवा, एक महिला एवं एक वरिष्ठ मतदाता को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पहली बार मतदाता बने नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दृष्टिगत वर्ष 2003 की मतदाता सूची को जिला मुख्यालय, निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों तथा मतदेय स्थलों पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही 18–19 आयु वर्ग के ऐसे छात्र-छात्राओं, जो अभी मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, उनके नाम पंजीकृत कराने हेतु फॉर्म-6 के माध्यम से विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए शिक्षा विभाग एवं संबंधित संस्थानों से सहयोग लेने को कहा गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस लोकतंत्र में नागरिकों की भागीदारी को और अधिक सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह नेगी, जिला क्रीड़ा अधिकारी जयबीर सिंह रावत, रेडक्रास के जिला सचिव केसर सिंह असवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *