उत्तराखंडऋषिकेश

परमार्थ निकेतन में मेदांता गुड़गांव के सहयोग से दो दिवसीय मल्टीस्पेशलिस्ट चिकित्सा शिविर, सैकड़ों लोगों को मिला निःशुल्क उपचार

*परमार्थ निकेतन में सोमवार से शनिवार तक मेदांता गुड़गांव की ओपीडी नियमित रूप से संचालित की जा रही है*

ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन ने मेदांता गुड़गांव के विख्यात चिकित्सकों के मार्गदर्शन में दो दिवसीय मल्टीस्पेशलिस्ट चिकित्सा शिविर का भव्य आयोजन किया। शिविर का आयोजन प्रथम दिन बुकण्डी एवं विध्यवासिनी मंदिर परिसर में तथा दूसरे दिन स्वामी शुकदेवानन्द चैरिटेबल हॉस्पिटल में किया गया।

8

परमार्थ निकेतन में सोमवार से शनिवार तक मेदांता गुड़गांव की ओपीडी नियमित रूप से संचालित की जा रही है, जिससे स्थानीय नागरिकों एवं तीर्थयात्रियों को उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा सेवाएं सुलभ हो रही हैं। इस ओपीडी में डॉ. विवेक सभरवाल (एमबीबीएस, डीएनबी, पीजीडीसीईडी-यूके), कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसीन एवं मधुमेह रोग विशेषज्ञ द्वारा अपनी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

मल्टीस्पेशलिस्ट शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ, जनरल फिजिशियन एवं अन्य अनुभवी चिकित्सकों द्वारा बीएमडी, ईसीजी, पीएफटी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर जैसी महत्वपूर्ण जांचें निःशुल्क की गईं। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की गईं।

शिविर के उद्घाटन अवसर पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने मेदांता गुड़गांव के चेयरमैन डॉ. नरेश त्रेहन एवं उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में आज भी बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब तक स्वास्थ्य सुरक्षित नहीं होगा, तब तक जीवन संतुलित नहीं रह सकता। मेदांता जैसी विश्वसनीय संस्था का परमार्थ निकेतन के साथ जुड़कर सेवा के इस यज्ञ में सहभागी बनना मानवता के लिए एक बड़ा वरदान है।

स्वामी जी ने कहा कि यह चिकित्सा शिविर करुणा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त उदाहरण है। पहाड़ों का जीवन कठिन है, जहां आज भी अनेक लोग आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से वंचित हैं। ऐसे में इस प्रकार के शिविर पहाड़ी समाज के लिए संजीवनी का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा, “स्वस्थ शरीर से ही स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज का निर्माण होता है। जब चिकित्सा सेवा आध्यात्मिक करुणा के साथ जुड़ती है, तब वह केवल उपचार नहीं करती, बल्कि जीवन को नया संबल देती है।”

इस शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. हिमांशु पुनिया, जनरल फिजिशियन डॉ. विवेक सभरवाल, टीम मैनेजर जितेन्द्र वर्मा सहित मेदांता गुड़गांव की पूरी टीम ने समर्पण भाव से अपनी सेवाएं प्रदान कीं। उनकी विशेषज्ञता और संवेदनशीलता ने मरीजों के चेहरों पर मुस्कान और मन में आशा का संचार किया।

परमार्थ निकेतन एवं स्वामी शुकदेवानन्द चैरिटेबल हॉस्पिटल की टीम ने पंजीकरण, जांच, दवा वितरण और मार्गदर्शन सहित पूरे शिविर को सुव्यवस्थित एवं अनुशासित रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। परमार्थ निकेतन द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा प्रकल्प आयोजित किए जाते रहेंगे। सभी से आग्रह किया गया है कि इन सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं और स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *