जाखणीखाल तहसील के ग्राम सौड़ में गुलदार का आतंक, दिनदहाड़े हमला कर बैल को बनाया शिकार, ग्रामीणों में दहशत
द्वारीखाल। जाखणीखाल तहसील के अंतर्गत ग्राम सौड़ एवं आस पास के गांवों में गुलदार के आतंक से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। बुधवार 21 जनवरी 2026 को दिन लगभग 3 बजे गुलदार ने प्रताप सिंह नेगी के बैल पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रताप सिंह नेगी का बैल जंगल से चुगने के बाद गौशाला के समीप पहुंचा ही था कि अचानक गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। बैल के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि गुलदार बैल को जमीन पर गिराकर उसके गले में दांत गड़ाकर बैठा हुआ था। ग्रामीणों द्वारा शोर मचाने पर गुलदार तो जंगल की ओर भाग गया, लेकिन तब तक बैल की मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी 19 जनवरी 2026 की शाम को गांव के समीप चार गुलदार देखे गए थे, जिन्हें शोर मचाकर किसी तरह भगाया गया था। लगातार गुलदारों की आवाजाही और अब पालतू पशु की मौत से गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने 1905 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर कॉल किया, जहां से उन्हें 1926 नंबर पर संपर्क करने को कहा गया। इसके बाद वन विभाग लैंसडाउन को सूचना दी गई। वन विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया कि जांच टीम को मौके पर भेजा जाएगा।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि गांव और आसपास के क्षेत्र में तत्काल पिंजरे की व्यवस्था की जाए, ताकि गुलदार को पकड़ा जा सके और भविष्य में किसी जनहानि या अन्य पशुधन के नुकसान को रोका जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
