पौड़ी

कल्जीखाल की न्याय पंचायत लहेड़ा में जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार शिविर, 196 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

कल्जीखाल/ पौड़ी। जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के अंतर्गत विकासखंड कल्जीखाल की न्याय पंचायत लहेड़ा में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 33 शिकायतें दर्ज की गईं, जबकि 196 पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में 511 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया।

शिविर की अध्यक्षता एसडीओ गढ़वाल वन प्रभाग आयशा बिष्ट ने की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को शेष शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।

नोडल अधिकारी शिविर एवं सहायक निबंधक सहकारिता सौरभ कुमार ने बताया कि शिविर में दर्ज 33 शिकायतों में से कई का तत्काल समाधान कर दिया गया, जबकि 196 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ प्रदान किया गया।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग, कृषि, उद्यान, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, ग्रामोत्थान, एनआरएलएम सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ त्वरित सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गीता देवी, खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी, वीपीडीओ नैना जैन, वीडीओ आशुतोष खुगशाल, सहकारिता समिति के सचिव यशवंत सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से पीएलबी मनीष खुगशाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *