द्वारीखाल के कांडाखाल में बहुउद्देशीय शिविर, 203 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ
द्वारीखाल (पौड़ी गढ़वाल)। जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के अंतर्गत विकासखंड द्वारिखाल की न्याय पंचायत कांडाखाल में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ उठाया।

शिविर में कुल 469 स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि 203 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान 55 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
शिविर की अध्यक्षता कालागढ़ टाइगर रिजर्व, लैंसडाउन की एसडीओ अनामिका सिंह ने की। उन्होंने कहा कि जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान का उद्देश्य आमजन को उनके द्वार पर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का त्वरित लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर में प्रमाण पत्र जारी करने, दिव्यांग पेंशन, दिव्यांग उपकरण वितरण, पशुपालन योजनाओं का लाभ, स्वास्थ्य परीक्षण सहित अनेक सेवाएं मौके पर ही उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल विकास, वन, राजस्व, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, कृषि, उद्यान सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही उन्हें लाभान्वित किया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री ऋषि कंडवाल, ब्लॉक प्रमुख बीना राणा, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राणा, खंड विकास अधिकारी जयकृत बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
