प्रधानमंत्री आवास योजना से पौड़ी गढ़वाल के गांवों में बदली तस्वीर, 4594 परिवारों को मिला पक्का आशियाना
पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के ग्रामीण अंचलों में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए सिर्फ मकान निर्माण की योजना नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन की मजबूत नींव बनकर उभरी है। जिन परिवारों के लिए कभी पक्की छत एक सपना मात्र थी, आज उनके घरों में स्थायित्व, सुरक्षा और आत्मविश्वास ने जगह बना ली है।

वर्ष 2016 से 2024 के बीच जनपद में कुल 4594 पात्र परिवारों को सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराया जा चुका है। यह उपलब्धि न केवल निर्माण कार्य का आंकड़ा है, बल्कि सरकार और आमजन के बीच बने भरोसे का प्रमाण भी है। वहीं आवास प्लस सर्वे–2024 के तहत जनपद के सभी विकासखंडों में 12379 नए आवासों के लिए सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है। यह सर्वे तीन चरणों में किया जाता है, जिसकी वैधता पांच वर्षों तक रहती है, ताकि वास्तविक जरूरतमंद परिवार ही योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। वर्तमान में जिला स्तरीय समिति द्वारा पात्र लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सीधी और पारदर्शी लाभ प्रणाली है। पात्र लाभार्थियों को 1 लाख 30 हजार रुपये की सहायता राशि तीन किश्तों में सीधे उनके बैंक खातों में दी जाती है। इसके अतिरिक्त विकसित भारत–जी राम जी योजना के अंतर्गत 95 दिन की मजदूरी तथा उत्तराखंड सरकार द्वारा किचन सामग्री एवं बर्तनों के लिए 6 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जा रही है। योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को एक कमरा, एक किचन और शौचालय सहित मूलभूत सुविधाओं से युक्त आवास उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान बनाने की योजना नहीं, बल्कि गरीब और वंचित परिवारों को सशक्त बनाने की एक ठोस पहल है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी प्रक्रिया और समयबद्ध क्रियान्वयन के चलते जनपद हर वर्ष अपने लक्ष्यों को सफलतापूर्वक पूरा कर रहा है, जिससे आमजन का सरकार के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो योजना के तहत 2016–17 में 215, 2017–18 में 184, 2020–21 में 860, 2021–22 में 147, 2022–23 में 2049 के सापेक्ष 2043, जबकि 2023–24 में 1146 के लक्ष्य के सापेक्ष 1145 परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने पौड़ी गढ़वाल के गांवों में बदलाव की मजबूत नींव रख दी है। आज यहां केवल पक्की दीवारें ही नहीं, बल्कि लोगों के सपने और भविष्य भी पहले से कहीं अधिक मजबूत दिखाई दे रहे हैं।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
