पौड़ी

27 जनवरी को यूसीसी दिवस मनाने की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में 27 जनवरी को यूसीसी दिवस मनाए जाने को लेकर एनआईसी कक्ष में अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को यूसीसी दिवस के आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने संस्कृति विभाग को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के दौरान स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए उपयुक्त सांस्कृतिक दलों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि यूसीसी के अंतर्गत सर्वाधिक पंजीकरण करने वाले अधिकारी एवं कार्मिक को कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही यूसीसी से संबंधित लगभग तीन मिनट की लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिससे आमजन को यूसीसी की जानकारी सरल एवं प्रभावी रूप से प्राप्त हो सके।

अपर जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि यूसीसी को लेकर जनपद में अब तक की गई विभिन्न गतिविधियों और प्रयासों पर आधारित एक फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से यूसीसी के क्रियान्वयन से जुड़े कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने वाले गणमान्य व्यक्तियों को समय रहते निमंत्रण पत्र भेजना सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

बैठक में सीओ तुषार बोरा, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र फोनिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *