गणतंत्र दिवस–2026 को भव्य और गरिमामय ढंग से मनाने की तैयारियां तेज
पौड़ी। गणतंत्र दिवस–2026 को जनपद पौड़ी गढ़वाल में पूरे सम्मान, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ मनाने के लिए प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक आयोजित किए जाने को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 26 जनवरी को प्रातः 9:30 बजे जनपद के समस्त शासकीय कार्यालयों एवं विभागों में ध्वजारोहण किया जाए। साथ ही 25 एवं 26 जनवरी को सायं 6 बजे से रात्रि 11 बजे तक सभी राजकीय भवनों, कार्यालयों एवं इमारतों में एलईडी एवं कम वोल्टेज बल्बों से विशेष प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर नगर निगम कोटद्वार एवं श्रीनगर, नगर पालिका पौड़ी एवं दुगड्डा तथा नगर पंचायत जौंक, सतपुली एवं थलीसैंण के अंतर्गत प्रमुख चौराहों पर 25 जनवरी की सायं तथा 26 जनवरी की प्रातः लाउडस्पीकर के माध्यम से देशभक्ति गीतों का प्रसारण कराया जाएगा। साथ ही नगरों की सफाई व्यवस्था सुदृढ़ रखते हुए आयोजन को पूर्ण गरिमा के साथ संपन्न कराने के निर्देश भी दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद स्तरीय मुख्य समारोह 26 जनवरी को प्रातः 10:30 बजे कंडोलिया मैदान, पौड़ी में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में सामूहिक ध्वजारोहण के उपरांत पुलिस एवं होमगार्ड की परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विभिन्न विभागों की सहभागिता से प्रस्तुतियां होंगी। संस्कृति विभाग द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ वनाग्नि, आपदा प्रबंधन, मानव–वन्यजीव संघर्ष एवं ऐतिहासिक आपदाओं से जुड़े विषयों पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीओ तुषार बोरा, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र फोनिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
