जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के तहत एकेश्वर में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित
एकेश्वर/पौड़ी। जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के अंतर्गत विकासखंड एकेश्वर की न्याय पंचायत पंचुर के पंचायत भवन इसोटी में गुरुवार को बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया, जहां 26 शिकायतें दर्ज की गईं, जबकि विभिन्न विभागीय योजनाओं के माध्यम से 182 से अधिक ग्रामीणों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। शिविर में कुल 531 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया।

शिविर की अध्यक्षता करते हुए उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल रेखा आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में जनपद की प्रत्येक न्याय पंचायत में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि शासन की योजनाएं सीधे गांवों तक पहुंच सकें और लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है और पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिविर में दर्ज शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश भी दिए।
शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल विकास, वन, राजस्व, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, कृषि, उद्यान सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा मौके पर ही आवेदन प्राप्त कर लाभ प्रदान किया।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी शिविर एवं जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा, सहायक खंड विकास अधिकारी सुशील गौतम, एडीओ पंचायत बनेश कुमार, वरिष्ठ उद्यान अधिकारी ताजबर पंवार सहित अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
