द्वारीखालपौड़ी

बमोली प्रीमियर लीग का समापन, फाइनल में पुल्यासू इलेवन ने मोहिनी बागी को 4 विकेट से हराया

*अमन बने प्लेयर ऑफ द मैच और सीरीज*

द्वारीखाल। ओम युगल फाउंडेशन एवं बमोली क्रिकेट समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बमोली प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ समापन हो गया। फाइनल मैच में पुल्यासू इलेवन ने मोहिनी बागी को 4 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मोहिनी बागी की टीम ने 15 ओवर 3 गेंद में सभी विकेट खोकर 139 रन बनाए और पुल्यासू इलेवन के सामने 140 रनों का लक्ष्य रखा। मोहिनी बागी की ओर से राहुल ने 30 गेंदों में 49 रनों की शानदार पारी खेली। मोंटी ने 12 गेंदों में 16 रन तथा अंकित ने 6 गेंदों में 14 रन का योगदान दिया।

पुल्यासू इलेवन की ओर से गेंदबाजी में गोलू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 20 रन देकर 3 विकेट झटके। अमन ने 15 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि साहिल ने 48 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए पुल्यासू इलेवन ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 11 ओवर 1 गेंद में 4 विकेट खोकर 145 रन बनाते हुए मुकाबला जीत लिया। टीम की जीत में अमन की अहम भूमिका रही, जिन्होंने नाबाद 32 गेंदों में 67 रनों की विस्फोटक पारी खेली। आकाश ने 10 गेंदों में 28 रन और साहिल ने 11 गेंदों में 17 रन बनाए।

मोहिनी बागी की ओर से गेंदबाजी में सूरज ने 20 रन देकर 2 विकेट, जबकि राम ने 47 रन देकर 2 विकेट लिए। राहुल ने 33 रन खर्च किए।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि नगर निगम कोटद्वार के मेयर शैलेंद्र रावत ने विजेता टीम पुल्यासू इलेवन के संयोजक दिलबर नेगी को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजक समिति, ग्रामवासियों, क्षेत्रवासियों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केवल जीत ही नहीं, बल्कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल भावना का सम्मान ही खेल की सच्ची आत्मा है।

कार्यक्रम में महिला मंगल दल द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत फूल मालाओं से किया गया, जबकि पूर्व ब्लॉक प्रमुख द्वारीखाल रविन्द्र रावत ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

मैच के दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख रविन्द्र सिंह रावत, हिमांशु रावत, रमेश सिंह रावत, नरेश नैथानी, कुलदीप सिंह रावत, ग्राम प्रधान सपना देवी, सरपंच सुमित रावत, कीर्तन मंडली बमोली एवं क्रिकेट समिति के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह सहित मनीष, यतेंद्र, मोहित, नरेंद्र, विवेक, मनमोहन, दीपक तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *