खेल महाकुंभ-2025: सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी का रांसी स्टेडियम में भव्य शुभारंभ
पौड़ी। खेल महाकुंभ-2025 के अंतर्गत आयोजित सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी का गुरुवार को रांसी स्टेडियम, पौड़ी में उत्साहपूर्ण वातावरण में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने ट्रॉफी का उद्घाटन करते हुए 800 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता की शुरुआत की।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल आज केवल शारीरिक विकास तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि यह रोजगार और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बन चुके हैं। खेल महाकुंभ जैसे आयोजन ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रीय विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी जैसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस चैम्पियनशिप में पौड़ी गढ़वाल की यमकेश्वर, श्रीनगर, पौड़ी, चैबटटाखाल, लैन्सडाउन, कोटद्वार, रुद्रप्रयाग की केदारनाथ एवं रुद्रप्रयाग, टिहरी की देवप्रयाग एवं नरेंद्रनगर तथा नैनीताल की रामनगर विधानसभा सहित कुल 11 विधानसभाओं के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-14 एवं अंडर-19 आयुवर्ग में एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, खो-खो, कबड्डी, रस्साकस्सी, मलखंब, गोली (कंचा), पिट्टू एवं मुर्गा झपट जैसी पारंपरिक व आधुनिक खेल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। यह प्रतियोगिता 15 से 30 जनवरी 2026 तक चलेगी।
जिला युवा कल्याण अधिकारी रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्येक स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 800 रुपये, द्वितीय को 600 रुपये एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 400 रुपये की धनराशि के साथ प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से खिलाड़ियों को दी जाएगी। सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी के विजेता खिलाड़ी आगे चलकर मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी में प्रतिभाग करेंगे।
पहले दिन एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। 5000 मीटर दौड़ अंडर-19 बालक वर्ग में केदारनाथ के शाहिल ने प्रथम, नरेंद्रनगर के हरीश ने द्वितीय तथा श्रीनगर के भास्कर रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 800 मीटर दौड़ अंडर-19 बालक वर्ग में केदारनाथ के आयुष प्रथम, लैन्सडाउन के आयुष द्वितीय एवं देवप्रयाग के आशीष चौहान तृतीय रहे।
600 मीटर दौड़ अंडर-14 बालक वर्ग में लैन्सडाउन के कृष्णा प्रथम, श्रीनगर के प्रकाश नेगी द्वितीय तथा रुद्रप्रयाग के केशव तृतीय रहे। गोला फेंक अंडर-19 बालक वर्ग में श्रीनगर के बाबी प्रथम, गौरव द्वितीय एवं रुद्रप्रयाग के समीर तृतीय स्थान पर रहे। 100 मीटर दौड़ अंडर-14 बालक वर्ग में श्रीनगर के नूर अहमद प्रथम, देवप्रयाग के आशीष द्वितीय एवं नरेंद्रनगर के अनिरुद्ध तृतीय रहे। वहीं गोला फेंक अंडर-14 बालक वर्ग में पौड़ी के आशुतोष राणा प्रथम, देवप्रयाग के सूरजलाल द्वितीय तथा चैबटटाखाल के सूर्यांश तृतीय रहे।
रांसी स्टेडियम में पहले दिन से ही खिलाड़ियों का उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक जज्बा देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार आने वाले दिनों में टीम एवं व्यक्तिगत दोनों वर्गों में मुकाबले और भी रोमांचक होंगे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
