दूरस्थ क्षेत्रों में तीन दिवसीय प्रवास पर डीएम स्वाति भदौरिया, गांवों में रात्रि विश्राम कर जानी जमीनी हकीकत
पौड़ी गढ़वाल। जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में प्रशासन की संवेदनशील एवं सक्रिय उपस्थिति का स्पष्ट संदेश देते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विकासखंड नैनीडांडा, बीरोंखाल एवं थलीसैंण का तीन दिवसीय भ्रमण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने न केवल क्षेत्र में रात्रि विश्राम किया, बल्कि गांवों में समय बिताकर ग्रामीणों की दिनचर्या, समस्याओं और अपेक्षाओं को नजदीक से समझा।
इस जमीनी प्रवास का मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं के साथ-साथ विकास योजनाओं की वास्तविक प्रगति का आकलन करना रहा। जिलाधिकारी ने तहसीलों की कार्यप्रणाली को समझते हुए राजस्व व्यवस्था की समीक्षा की तथा पटवारियों के साथ बैठक कर फील्ड स्तर पर आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं की सफलता का पैमाना केवल आंकड़े नहीं, बल्कि जनता के जीवन में आया सकारात्मक परिवर्तन है।

भ्रमण के दौरान जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविरों में जिलाधिकारी ने स्वयं प्रतिभाग कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, नेटवर्क एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं सुनी गईं। कई मामलों का समाधान मौके पर ही किया गया, जबकि शेष समस्याओं के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट कार्ययोजना एवं समयसीमा के साथ निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के तहत जिलाधिकारी ने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया और दूरस्थ क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भौगोलिक कठिनाइयां सेवा प्रदान करने में बाधा नहीं बननी चाहिए, इसके लिए विभागीय समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
जिलाधिकारी के इस तीन दिवसीय जमीनी प्रवास से क्षेत्रवासियों में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि इससे समस्याओं के समाधान की उम्मीद और भरोसा दोनों बढ़े हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि जनता से सीधा संवाद प्रशासन की सबसे बड़ी ताकत है। गांवों में जाकर न केवल समस्याएं स्पष्ट होती हैं, बल्कि उनके व्यावहारिक समाधान भी सामने आते हैं। दूरस्थ क्षेत्रों का संतुलित विकास और जनता का विश्वास बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
