गेंद मेले के अवसर पर यमकेश्वर ब्लॉक के सभी विद्यालयों में 15 जनवरी को अवकाश घोषित
पौड़ी/यमकेश्वर। यमकेश्वर ब्लॉक के समस्त विद्यालयों में पारंपरिक गेंद मेले के अवसर पर 15 जनवरी 2026 को अवकाश घोषित किया गया है। इस निर्णय से क्षेत्र के विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्थानीय जनता में खुशी का माहौल है।

महाविद्यालय विथ्याणी के छात्रसंघ अध्यक्ष एवं एबीवीपी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आयुष बडोला ने इस अवकाश घोषणा के लिए यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट का आभार व्यक्त किया है। आयुष बडोला ने विधायक को पत्र लिखकर गेंद मेले के अवसर पर अवकाश घोषित करने की मांग की थी, जिसे विधायक द्वारा गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन के समक्ष रखा गया।
आयुष बडोला ने कहा कि थलनदी, कटघर, किमसार, त्याडो सहित क्षेत्र के पारंपरिक गेंद मेले जनभावनाओं से जुड़े हुए हैं, जिनका समस्त यमकेश्वर वासियों को वर्षभर इंतजार रहता है। विधायक रेनू बिष्ट ने इस जनभावना को समझते हुए जिलाधिकारी पौड़ी से वार्ता कर अवकाश घोषित करवाने में अहम भूमिका निभाई।
छात्रसंघ अध्यक्ष आयुष बडोला के प्रयास और आग्रह पर विधायक रेनू बिष्ट द्वारा जिला प्रशासन से गेंद मेले के दिन अवकाश घोषित कराए जाने को क्षेत्रवासियों ने सराहनीय कदम बताया है।
