मकर संक्रांति पर गढ़वाल में गेंद मेलों की धूम, डाडामण्डी में लंगूरी की लगातार छठवीं जीत
पौड़ी/द्वारीखाल।गढ़वाल क्षेत्र में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर थलनदी, डाडामण्डी, कटघर, सांगुड़ा (दैसण-बिलखेत) सहित विभिन्न स्थानों पर पारंपरिक गेंद मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेलों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और दर्शकों की मौजूदगी ने पर्व को खास बना दिया।

राजकीय गेंद मेला डाडामण्डी में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी विशेष रूप से शामिल हुईं। उन्होंने मेला समिति एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे पारंपरिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखते हैं और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।
डाडामण्डी मेले का मुख्य आकर्षण भटपुड़ी और लंगूर की टीमों के बीच खेला गया रोमांचक मुकाबला रहा। चार घंटे तक चली कड़ी जद्दोजहद के बाद लंगूरी टीम ने जीत दर्ज की। उल्लेखनीय है कि लंगूरी टीम पिछले पांच वर्षों से लगातार विजयी होती आ रही है, और इस वर्ष भी उसने अपनी परंपरा को बरकरार रखा।
गेंद मेले में लोकसंस्कृति, उत्साह और खेल भावना का अनूठा संगम देखने को मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में मकर संक्रांति का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
