धामधार में जन–जन की सरकार का शिविर, 39 में से 37 शिकायतों का मौके
पौड़ी/रिखणीखाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को विकासखंड रिखणीखाल की न्याय पंचायत धामधार में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों द्वारा कुल 39 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 37 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 194 लोगों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, जबकि 8 लोगों ने विभिन्न प्रमाण पत्र बनाए जाने हेतु आवेदन पत्र भरे।
शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने की। उन्होंने कहा कि “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रहा है और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विभागीय स्टॉलों के माध्यम से न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, बल्कि पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन का शासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
शिविर में कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, समाज कल्याण, पंचायतीराज, खाद्य पूर्ति, राजस्व विभाग सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं और मांगें संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखीं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रेनू रावत, नोडल अधिकारी/महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र कोटद्वार सोमनाथ गर्ग, उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य, सहायक खंड विकास अधिकारी पी.सी. असवाल, ग्राम प्रधान कांडा विनीता ध्यानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
