सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग, उत्तराखंड बंद से जनजीवन प्रभावित
उत्तराखंड। अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच को सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराने की मांग को लेकर आह्वान किए गए उत्तराखंड बंद का आज प्रदेशभर में व्यापक असर देखने को मिला। पहाड़ से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक बाजार बंद रहे और जनजीवन प्रभावित हुआ।

पौड़ी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में बंद का खासा असर नजर आया। दुगड्डा, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, घोलतीर, अगस्तयमुनि, तिलवाड़ा, मुनि की रेती, ढालवाला, गैरसैंण, नारायणबगड़, सुमाड़ी बाजार, गोपेश्वर, महलचौरी, कीर्तिनगर, पैठाणी, नंदानगर, थलीसैंण सहित कई क्षेत्रों में बाजार पूरी तरह बंद रहे।
रुद्रप्रयाग जिले में बंद का व्यापक प्रभाव देखने को मिला। केदारघाटी के अधिकांश बाजार पूर्ण रूप से बंद रहे। अगस्तयमुनि, चन्द्रनगर, चंद्रपुरी, तिलवाड़ा, भीरी, सोनप्रयाग और फाटा समेत कई बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।
चमोली जिले के गोपेश्वर में व्यापारियों ने स्वेच्छा से दुकानें बंद रखीं। वहीं टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर, घनसाली, चमियाला और खाड़ी क्षेत्र में भी पूर्ण बंदी रही। टैक्सी यूनियनों ने वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रखा, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
ऋषिकेश का मुख्य बाजार लगभग 90 प्रतिशत बंद रहा, जबकि देहरादून और हरिद्वार में बंद का असर मिला-जुला देखने को मिला। सतपुली और श्रीनगर में पूर्ण बंदी रही।
कुल मिलाकर रुद्रप्रयाग, गैरसैंण, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी और चमोली सहित कई जिलों में उत्तराखंड बंद का व्यापक असर रहा। बंद के माध्यम से प्रदर्शनकारियों ने एक बार फिर अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और निष्पक्ष जांच की मांग को जोरदार तरीके से उठाया।
