प्रयागराज के संगम तट पर माघ मेला: सनातन संस्कृति, साधना और सेवा का दिव्य उत्सव
प्रयागराज। प्रयागराज की पावन धरती पर स्थित परमार्थ त्रिवेणी पुष्प में गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन संगम पर माघ मेला भारतीय शाश्वत आध्यात्मिक परंपरा, ऋषि-संस्कृति और लोक-आस्था का जीवंत प्रतीक बनकर श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति और चेतना की अनुभूति करा रहा है। शास्त्रों में माघ मास को “सर्वश्रेष्ठ मास” कहा गया है, जिसमें संगम स्नान को मोक्षदायी और पुण्यवर्धक माना गया है।

स्कंद पुराण, पद्म पुराण एवं मत्स्य पुराण में माघ स्नान की महिमा का विस्तार से वर्णन मिलता है। शास्त्रों के अनुसार माघ मास में संगम पर स्नान करने से जन्म-जन्मांतर के पाप नष्ट होते हैं और मन, विचार व कर्म की शुद्धि होती है। माघ मेला यह संदेश देता है कि तीर्थ केवल भौगोलिक स्थल नहीं, बल्कि चेतना की यात्रा है।
परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी महाराज के मार्गदर्शन में ऋषिकुमारों, साधकों, संन्यासियों और श्रद्धालुओं ने संगम तट पर सामूहिक स्नान, ध्यान और पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर पूज्य स्वामी जी ने कहा कि माघ मेला आत्ममंथन का अवसर है और संगम में डुबकी तभी सार्थक है जब मनुष्य अपने भीतर के अहंकार, क्रोध, लोभ और आसक्ति को भी त्यागने का संकल्प ले।
अरैल घाट संगम तट पर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित हो उठा। ऋषिकुमारों ने गीता, उपनिषद और वेदों के मंत्रों का पाठ करते हुए युवाओं को आधुनिक जीवन में भी अपनी आध्यात्मिक जड़ों से जुड़े रहने का संदेश दिया।
माघ मेला के अवसर पर परमार्थ त्रिवेणी पुष्प में योग, ध्यान, सत्संग, भजन-संकीर्तन, कथा-वाचन, संगम आरती और पर्यावरण जागरूकता से जुड़े विशेष कार्यक्रम प्रतिदिन आयोजित किए जा रहे हैं। देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु इन आयोजनों में भाग लेकर आध्यात्मिक शांति और ऊर्जा का अनुभव कर रहे हैं।
अयोध्या और बनारस के मध्य स्थित प्रयागराज सनातन संस्कृति का एक दिव्य केंद्र है, जहाँ माघ मेला जन-जन को समरसता, संयम और सेवा के भाव से जोड़ता है। माघ मेला वास्तव में भारत की आत्मा का उत्सव है, जहाँ हर डुबकी, हर मंत्र और हर प्रार्थना मानव को उसके वास्तविक स्वरूप की ओर अग्रसर करती
