पौड़ी

दुधारखाल में जन–जन की सरकार शिविर: 137 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ, 25 शिकायतें दर्ज

पौड़ी। जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के तहत विकासखंड जयहरीखाल की न्याय पंचायत दुधारखाल के सामुदायिक भवन तोली में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। इस दौरान कुल 25 शिकायतें दर्ज की गईं, जबकि 137 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

आयोजित शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी रेखा आर्य ने की। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य है कि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ उनके गांव में ही मिले। ऐसे शिविरों से न केवल समस्याओं का त्वरित समाधान होता है, बल्कि लोगों को सरकारी योजनाओं की सही जानकारी भी मिलती है।

शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल विकास, उद्यान, कृषि, वन, राजस्व सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख जयहरीखाल रणवीर सजवाण, अधिशासी अभियंता आरईएस श्रीपति डोभाल, खंड विकास अधिकारी रवि सैनी, खंड शिक्षा अधिकारी अमित चंद, ग्राम प्रधान तोली अजय कुमार, ग्राम प्रधान कोटामल्ला अंकित जुयाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य नूतन सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *