पौड़ी

थलीसैंण में लगा बहुउद्देशीय शिविर, 8 शिकायतें दर्ज, 59 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

पौड़ी। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के तहत शनिवार को विकासखंड थलीसैंण के ब्लॉक सभागार में न्याय पंचायत ब्यासी के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय लोगों द्वारा कुल 8 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। साथ ही 167 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, जबकि 59 पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया।

शिविर की अध्यक्षता डीएफओ सिविल एवं सोयम पवन नेगी ने की। उन्होंने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद की प्रत्येक न्याय पंचायत में इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच सके। उन्होंने लोगों से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल विकास, वन, कृषि, उद्यान, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, राजस्व सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी टीकाराम, नोडल अधिकारी शिविर सचिन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *