पौष पूर्णिमा से माघ मेले का शुभारम्भ: आत्मशुद्धि, साधना और संतुलित जीवन का महापर्व
प्रयागराज। पौष पूर्णिमा सनातन परंपरा की एक अत्यंत पावन तिथि है, जो आत्मशुद्धि, साधना और संतुलित जीवन की ओर अग्रसर होने का संदेश देती है। इसी दिव्य अवसर पर 3 जनवरी 2026 से त्रिवेणी संगम, प्रयागराज में माघ मेला एवं कल्पवास का शुभारम्भ हो रहा है। यह आयोजन भारत की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय चेतना का विराट उत्सव माना जाता है।

माघ मेला आत्मपुनर्जागरण का महासंकल्प है। गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन संगम पर होने वाला यह पर्व केवल शारीरिक शुद्धि तक सीमित नहीं, बल्कि मन, विचार और संस्कारों की निर्मलता का प्रतीक है। संगम-स्नान श्रद्धा और संकल्प के माध्यम से जीवन के विकारों को दूर करने की प्रेरणा देता है।
कल्पवास, जो पौष पूर्णिमा से आरंभ होकर माघ पूर्णिमा तक चलता है, सनातन जीवन-दर्शन का जीवंत स्वरूप है। सीमित साधनों में रहकर सादगी, संयम, मौन, सेवा और सत्संग के माध्यम से चेतना को जाग्रत करने का यह व्रत आज के भौतिकतावादी युग में शांति और संतुलन का सशक्त मार्ग प्रस्तुत करता है।
परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कहा कि माघ मेले का संदेश आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक है। जब विश्व पर्यावरण संकट, जल संकट और मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तब संगम-स्नान प्रकृति के साथ सामंजस्य और नदी संरक्षण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि मां गंगा केवल नदी नहीं, बल्कि जीवनदायिनी चेतना हैं, जो पवित्रता, करुणा और निरंतर प्रवाह का संदेश देती हैं।
स्वामी जी ने कहा कि माघ मेला भारत की सांस्कृतिक एकता का विराट मंच है, जहाँ जाति, वर्ग, भाषा और क्षेत्रीय भेद समाप्त हो जाते हैं। संत, गृहस्थ, युवा और वृद्ध सभी आत्मोन्नति और लोकमंगल के एक साझा ध्येय से जुड़े होते हैं। यही वसुधैव कुटुम्बकम् की सजीव अनुभूति है।
उन्होंने कहा कि माघ मेला जीवन-शैली का उत्सव है, जहाँ ब्रह्ममुहूर्त स्नान, हरि-नाम स्मरण, संत-सत्संग, सेवा और स्वाध्याय के माध्यम से संस्कारों की पुनर्स्थापना होती है। वर्ष 2026 का माघ मेला विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह ऐसे समय में आयोजित हो रहा है जब मानवता दिशा की खोज में है। ऐसे में सनातन परंपरा का यह आयोजन जीवन को सही दिशा देने वाला प्रकाशस्तंभ बनकर उभर रहा है।
पौष पूर्णिमा और माघ मेला मानवता को आमंत्रण देते हैं कि अहंकार से आत्मबोध, भोग से योग और व्यक्ति से विश्व-कल्याण की यात्रा को अपनाया जाए। यह पावन अवसर भारत की आत्मा का उत्सव है, जहाँ साधना और सेवा, परंपरा और प्रगति एक समग्र जीवन-दर्शन का निर्माण करते हैं।
