द्वारीखालपौड़ीयमकेश्वर

उक्रांद का संगठन विस्तार, द्वारीखाल ब्लॉक में न्याय पंचायत अध्यक्षों व विधानसभा युवा अध्यक्ष की घोषणा

यमकेश्वर/द्वारीखाल। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) द्वारा यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत द्वारीखाल ब्लॉक में संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए संगठन विस्तार किया गया। इस क्रम में विभिन्न न्याय पंचायतों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति की गई, जिससे क्षेत्रीय स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

संगठन के निर्णय के अनुसार न्याय पंचायत सुराड़ी से रविन्द्र नेगी, न्याय पंचायत ठंठोली से मंगतराम कुकरेती तथा न्याय पंचायत पुल्यासु से अनूप नेगी को न्याय पंचायत अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त राहुल रावत को युवा उत्तराखंड क्रांति दल का यमकेश्वर विधानसभा अध्यक्ष घोषित किया गया है।

उत्तराखंड क्रांति दल के पदाधिकारियों ने सभी नव-नियुक्त अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे संगठन की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। संगठन ने कहा कि पहाड़वाद की मूल भावना, राज्य आंदोलन के मूल्यों और उत्तराखंड के हितों को केंद्र में रखते हुए उक्रांद लगातार जमीनी स्तर पर कार्य कर रहा है।

पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य स्थानीय युवाओं, किसानों, महिलाओं और आम जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाना है। नव-नियुक्त पदाधिकारियों के माध्यम से क्षेत्र में संगठन की सक्रियता बढ़ेगी और जनसंपर्क को नई दिशा मिलेगी।

उक्रांद नेतृत्व ने विश्वास जताया कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी अपने साथियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेंगे तथा पूरी निष्ठा, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ उत्तराखंड क्रांति दल की रीति-नीति और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *